हर-हर बम-बम के उद्घोष से गूंजा जिले का कोना-कोना
गोंडा/खरगूपुर। कजलीतीज यानि हरतालिका तीज पर जिले भर में हर ओर गाजे बाजे के साथ भगवान शिव का उद्घोष ही सुनाई पड़ रहा था। बुधवार की रात 12 बजे से गुरुवार की दोपहर तक गोंडा व आसपास जिलों के करीब लाखों कांवड़ियों ने भगवान आशुतोष को जलाभिषेक किया। जगह-जगह कैंप लगाए गए और लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत किया। वहीं कजलीतीज का त्योहार सुहागिनों ने भी जमकर मनाया। सुहागिनों ने निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव मां गौरी को जल अर्पण किया और अपने पतियों के लिए अक्षय वरदान की कामना की। करनैलगंज के सरयू के कटरा घाट से जलभर कर कांवरियों ने 31 किलोमीटर नंगे पैर चलकर गोंडा नगर स्थित दुखहरन नाथ शिवमंदिर में जल अर्पण किया। वहीं सरयू व अयोध्या सरयू से जलभर कर लाखों कांवरियों ने खरगूपुर स्थित पांडवों द्वारा स्थापित पृथ्वीनाथ महादेव को जलाभिषेक किया। कांवरियों के हुजूम को संभालने के लिए जहां जिले के करीब दो हजार पुलिस व पीएसी के जवान मुस्तैद रहे वहीं भारी भीड़ को देखते हुए देर शाम को रैपिड एक्शन फोर्स को लगाना पड़ा। एसपी उमेश कुमार सिंह स्वयं पूरी रात डट कर भीड़ को नियंत्रित करते रहे।
कजलीतीज के अवसर पर प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मन्दिर पर लाखों श्रद्धालुओं ने विशाल शिवलाट पर जलाभिषेक व पूजन-अर्चन किया। पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के चलते दो दिनी मेला शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गया। पांच पांडव द्वारा स्थापित प्राचीनकाल का पृथ्वीनाथ मन्दिर में कजलीतीज पर्व पर क्षेत्रीय तथा नेपाल सहित आस-पास जिलों के शिवभक्तों का बड़ी संख्या में बुधवार अपराह्न से ही यहां आना शुरू हो गया था। देर रात होते-होते भारी संख्या में कांवरियों तथा अन्य श्रद्धालु मन्दिर परिसर में पहुंचे। रात आठ बजे तक जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों की लम्बी लाइनें लग गयीं। इसके उपरांत बारी-बारी से श्रद्धालुओं ने मन्दिर स्थित विशाल शिवलाट पर ॐ नम: शिवाय, बम-बम भोले आदि के उद्घोष के साथ जल, दुग्ध, पुष्प, शमी, भांग, धतूर, बेलपत्र से जलाभिषेक किया जो गुरुवार देर सायं तक चलता रहा। यहां जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं ने अयोध्या, बलरामपुर, कर्नलगंज स्थित राप्ती व सरयू पवित्र नदियों से जल भर कर पैदल व अन्य साधन से पहुंचे थे। जलाभिषेक व पूजन-अर्चन के उपरांत लोगों ने मेले में लगी विभिन्न प्रकार की दुकानों से खाने-पीने सहित अन्य अपने जरूरत के सामानों की खरीददारी की। जिसमें महिलाओं की संख्या पुरुषों की तुलना में अधिक रही।
थाना खरगूपुर के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मेला व जलाभिषेक कार्यक्रम को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए एडिशनल एसपी बहराइच आरके सिंह, एसडीएम सदर, तहसीलदार सदर, क्षेत्राधिकारी मनकापुर व बहराइच के अतिरिक्त गोरखपुर जोन के विभिन्न जिलों के सब इस्पेक्टर, महिला-पुरुष आरक्षी सहित रैपिड एक्शन फोर्स, पीएसी तथा यातायात पुलिस तैनात रही। पुलिस बल के साथ ही जलाभिषेक व मेले की व्यवस्था में आशीष त्रिपाठी की अगुवाई में चार दर्जन वायलेंटियरों का विशेष सहयोग रहा। जिसमें पृथ्वीनाथ का कजलीतीज का मेला व जलाभिषेक का कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में निर्विवाद सम्पन्न हुआ। वहीं नगर में डीएम, एएसपी, सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सदर भरत यादव सहित तमाम अधिकारी व पुलिस कर्मी के साथ स्काउट गाइड, एनसीसी कैडेट, भ्रष्टाचार निवारक संगठन के कार्यकर्ता पूरी रात भीड़ को नियंत्रित करते रहे।

0 Comments